– सड़क, सुरक्षा और सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश
फर्रुखाबाद। सावन माह में लगने वाले जनपद के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्रृंगीरामपुर कावड़ मेले की तैयारियों ने अब गति पकड़ ली है। लाखों शिवभक्तों की संभावित आमद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र, कावड़ मार्ग, पार्किंग स्थल, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्राम प्रधान एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से मेला संचालन की तैयारियों और संभावित भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की।
ग्राम प्रधान पिंटू ने अधिकारियों को बताया कि सावन के पूरे माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िए और शिवभक्त श्रृंगीरामपुर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। विशेषकर सोमवार और शिवरात्रि जैसे अवसरों पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने अधिकारियों को कावड़ियों के प्रमुख आवागमन मार्गों और आवश्यक व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई स्थानों पर कावड़ मार्ग की सड़कें क्षतिग्रस्त पाईं। इस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को तत्काल सड़क मरम्मत और गड्ढों को भरने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश मिलते ही पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर सक्रिय हो गई और सड़क सुधार का कार्य शुरू करा दिया। वहीं ग्राम प्रधान पिंटू ने भी अपने स्तर पर दो ट्रैक्टर लगाकर कावड़ मार्ग को समतल और सुगम बनाने का कार्य प्रारंभ करा दिया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट कहा कि कावड़ मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि मेले का सफल और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कावड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा, एडीएम न्यायिक, खंड विकास अधिकारी श्वेता कौशिक, ग्राम प्रधान पिंटू सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की सक्रियता के बाद श्रृंगीरामपुर कावड़ मेले की तैयारियों में तेजी आ गई है और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस वर्ष श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


