नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की।
प्रधानमंत्री ने कहा, “कारगिल विजय दिवस पर मैं सभी वीर सैनिकों को नमन करता हूं। यह दिन हमारे जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। कारगिल विजय दिवस हर भारतीय को गर्व से भर देता है।”
उन्होंने कहा कि भारत लगातार अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत कर रहा है और रक्षा क्षेत्र में देश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि रक्षा उत्पादन में स्वदेशी तकनीक और निर्माण को बढ़ावा मिलने से देश का आत्मनिर्भरता का संकल्प और मजबूत हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि देश के सैनिकों का साहस, वैज्ञानिकों का नवाचार और स्वदेशी रक्षा उत्पादन भारत को वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने देशवासियों से भी राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


