– छात्रों को दी श्रद्धांजलि
फर्रुखाबाद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कथित रूप से जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कैंडल मार्च त्रिपोलिया चौक से शुरू होकर नेहरू रोड, घूमना बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सुभाष गेट पर समाप्त हुआ। हाथों में मोमबत्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने विभिन्न नारे लगाकर छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की और सरकार से कार्रवाई की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
कैंडल मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी, वरिष्ठ नेता लुइस खुर्शीद, नगर अध्यक्ष शंकर मिश्रा, मृत्युंजय शर्मा, पुन्नी शुक्ला, डॉ. पी.एम. सक्सेना, डालचंद कठेरिया, शिव आशीष तिवारी, तन्मय मिश्रा, बिलाल सफाई, अंबर अली जैदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। क्षेत्राधिकारी (सिटी) के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस की निगरानी में कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


