हर रैंक के अधिकारियों पर लागू होगा आदेश, केवल आपातकालीन परिस्थितियों में मिलेगी छुट्टी
विशेष संवाददाता | यूथ इंडिया
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। इस संबंध में सभी इकाइयों और हर रैंक के अधिकारियों के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, कांस्टेबल से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर उपलब्ध रहने के लिए कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि केवल अत्यंत आपातकालीन परिस्थितियों में ही छुट्टी स्वीकृत की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, राजधानी में मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पर्याप्त पुलिस बल तत्काल तैनात किया जा सके।
दिल्ली पुलिस ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। छुट्टियां रद्द करने का आदेश अगले निर्देश जारी होने तक प्रभावी रहेगा।


