धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई
विशेष संवाददाता | यूथ इंडिया
नई दिल्ली। सोनम वांगचुक द्वारा भूख हड़ताल समाप्त किए जाने के बाद नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी अपना धरना समाप्त कर दिया। धरना खत्म करने के बाद उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
वीडियो संदेश में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छात्रों और अभिभावकों के नाम दिए गए संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार यदि नया कानून लाना चाहती है तो उसका स्वागत है, लेकिन सबसे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
चंद्रशेखर आजाद ने यह भी मांग की कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों के साथ बल प्रयोग उचित नहीं है।


