दर्शन नगर रोड के आशापुर में तैयार हो रहा चार्जिंग स्टेशन सहित स्थायी बस डिपो
विशेष संवाददाता | यूथ इंडिया
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर में जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। इन बसों के संचालन के लिए दर्शन नगर रोड स्थित आशापुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थायी बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है।
करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव, पार्किंग और चार्जिंग की समुचित व्यवस्था होगी। परियोजना पूरी होने के बाद शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अगस्त 2025 में शासन से मंजूरी मिली थी। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, ताकि निर्धारित समय में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जा सके।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही, यह पहल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और अयोध्या को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


