हालत गंभीर; 10 एंटी-वेनम के बाद हायर सेंटर रेफर
फर्रुखाबाद। जिले के पाली थाना क्षेत्र के ज्योरा गांव में मंगलवार सुबह लकड़ी और कंडा बीनने गई 12 वर्षीय किशोरी को कोबरा सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू करते हुए 10 एंटी-वेनम इंजेक्शन लगाए। हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रामवीर की पुत्री प्रिया देवी (12) मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे घर के बाहर खाना बनाने के लिए लकड़ी और कंडा लेने गई थी। इसी दौरान लकड़ियों के बीच छिपे कोबरा सांप ने उसके पैर में डस लिया। घटना के बाद प्रिया ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी, लेकिन कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अर्धबेहोश हो गई।
परिजन तत्काल उसे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. अभय श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची की जान बचाने के लिए उसे 10 एंटी-वेनम इंजेक्शन दिए गए और जरूरत पड़ने पर सीपीआर भी दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।
परिजनों ने बताया कि प्रिया कक्षा पांच की छात्रा है और पढ़ाई में काफी होनहार है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने कोबरा सांप को पकड़कर एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर लिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।


