29.9 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

Must read

लखनऊ
मंगलवार सुबह 9 बजे लखनऊ में ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती (2022) के अभ्यर्थियों ने अंतिम परिणाम जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास के बाहर मानव शृंखला बनाकर घेराव किया। उनका कहना है कि भर्ती की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, फिर भी अंतिम परिणाम जारी नहीं किया गया है, जिससे हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के अनुसार, ग्राम पंचायत अधिकारी के 1468 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया 2023 में शुरू हुई थी। आवेदन, लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन जैसी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। 27 अप्रैल 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जबकि अप्रैल-मई में अभिलेख सत्यापन भी पूरा हो गया। इसके बावजूद परिणाम जारी न होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी। डिप्टी सीएम के आवास पर प्रदर्शन करने के बाद अभ्यर्थी पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आवास भी पहुंचे। वहां पुलिस ने उनसे बातचीत कर शांतिपूर्वक वापस भेज दिया। अभ्यर्थियों ने सरकार और संबंधित आयोग से जल्द से जल्द अंतिम परिणाम घोषित करने की मांग दोहराई।

अभ्यर्थियों का कहना है कि परिणाम में लगातार हो रही देरी के कारण उनके सामने रोजगार और आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई है। उनका मानना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती, तो वे आज अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभा रहे होते। उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेकर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने और सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की अपील की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article