फर्रुखाबाद। शहर के जिला जेल चौराहे के पास देर रात एक कार चालक के साथ मारपीट और लूट की कथित वारदात से हड़कंप मच गया। पीड़ित ने दो अज्ञात बाइक सवार युवकों पर कार रोककर हमला करने, वाहन में तोड़फोड़ करने और नकदी से भरा पर्स लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना शमसाबाद क्षेत्र निवासी दिलीप कुमार के अनुसार, वह कानपुर स्थित एक अस्पताल से मरीज को दवा दिलाकर कार से अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी कार देर रात जिला जेल चौराहे के निकट पहुंची, तभी दो बाइक सवार युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों युवक बिना किसी कारण अभद्रता करने लगे और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने पथराव कर कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कार में रखा उनका पर्स, जिसमें नकदी रखी थी, लेकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई घटना से आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी तत्काल डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पीड़ित को थाने ले जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
कार सवार से मारपीट का आरोप, वाहन में तोड़फोड़ के बाद नकदी लेकर भागे बदमाश


