30 C
Lucknow
Sunday, July 19, 2026

पावर प्लांट के अंदर मिला लापता श्रमिक का शव, परिजनों का पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी का फूटा सिर

Must read

सिंगरौली: रिलायंस सासन पावर प्लांट (power plant) के अंदर एक श्रमिक (worker) की संदिग्ध मौत के बाद भारी बवाल खड़ा हो गया है। 36 घंटे से लापता श्रमिक का शव प्लांट परिसर के भीतर ही पेड़ से लटकता मिला, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन देर रात हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें कोतवाली थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार सिंगरौली के खम्हरिया निवासी श्रमिक जगदीश साकेत रिलायंस सासन पावर प्लांट में कार्यरत थे। वह अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद अचानक लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के करीब 36 घंटे बाद उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में सासन पावर प्लांट के अंदर ही एक पेड़ से लटकता हुआ बरामद हुआ।

घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों और सहकर्मियों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि जगदीश की हत्या की गई है और वे कंपनी प्रबंधन पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। श्रमिक की मौत के बाद न्याय, उचित मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्लांट के मुख्य गेट को घेर लिया।

गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर मुस्तैद पुलिस बल पर लाठियों और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की तरफ से जमकर पथराव भी किया गया। इस हिंसक झड़प में कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) अशोक सिंह परिहार के सिर पर गंभीर चोट लगी है। उनके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी भी इस हमले में घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

सिंगरौली पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने इस पूरे घटनाक्रम और पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए शासन चौकी क्षेत्र और प्लांट के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रशासन का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। लेकिन इस घटना ने सासन पावर प्लांट के अंदर श्रमिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article