28.3 C
Lucknow
Sunday, July 19, 2026

दुकान खोलने जा रहे युवक पर पड़ोसियों के हमले का आरोप, घर में घुसकर मारपीट का प्रयास; पुलिस से कार्रवाई की मांग

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित लाल दरवाजा मोहल्ले में बैटरी रिपेयरिंग का काम करने वाले एक युवक ने पड़ोसी दुकानदार और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला करने तथा घर में घुसकर मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लाल दरवाजा निवासी कुलदीप प्रजापति पुत्र स्वर्गीय राहुल कुमार ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने घर के बाहर स्थित दुकान पर बैटरी रिपेयरिंग, खरीद-फरोख्त का कार्य करता है। उसके पड़ोस में सुशील गुप्ता अपने पुत्र आयुष गुप्ता और पियूष गुप्ता के साथ इलेक्ट्रिकल की दुकान संचालित करते हैं।
पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2024 में भी आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की थी। उस मामले में राजनीतिक प्रभाव और आर्थिक हैसियत का इस्तेमाल कर उसके और उसके परिजनों के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया, जो वर्तमान में फतेहगढ़ स्थित न्यायालय में विचाराधीन है। कुलदीप का कहना है कि तभी से आरोपित लगातार मुकदमे में सजा दिलाने और जमानत निरस्त कराने की धमकी देते आ रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8:50 बजे जब वह रोज की तरह अपनी दुकान खोलने जा रहा था, तभी सुशील गुप्ता, उनके पुत्र आयुष गुप्ता, पियूष गुप्ता तथा अन्य परिजन कथित रूप से एकजुट होकर लाठी-सरिया लेकर उस पर हमला करने के इरादे से टूट पड़े। जान बचाने के लिए वह भागकर अपने घर में घुस गया। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावर जबरन उसके घर में घुस आए और मारपीट का प्रयास किया।
कुलदीप के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए, जिन्हें आता देख आरोपित गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना को आसपास के कई लोगों ने भी देखा। पीड़ित ने अपने मोबाइल से डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और थाने में लिखित शिकायत देने की सलाह दी।
पीड़ित ने थाना कादरीगेट पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article