एएनटीएफ और बीकेटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बीकेटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रोडवेज बस से गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सीतापुर रोड पर संदिग्ध रोडवेज बस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20.570 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा उनके पास से मोबाइल फोन, नगदी और बस टिकट भी बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस तस्करी के नेटवर्क और गांजे की खेप के स्रोत व गंतव्य का पता लगाने में जुटी है। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीकेटी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


