इलाज न मिलने पर अस्पताल में हंगामा
बाराबंकी। परीवां ऐट शुम्भा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। समय पर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के अस्पताल न पहुंचने से नाराज मरीजों और ग्रामीणों ने सीएचसी परिसर में जमकर हंगामा किया। इलाज न मिलने के कारण कई मरीज बिना उपचार के ही वापस लौट गए।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने चिकित्सा अधीक्षक और अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही तथा मरीजों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रंजन गौतम ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा अधीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया है और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में समय पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित न होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


