40 घरों की बिजली गुल, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल; पेयजल संकट भी गहराया
नवाबगंज, फर्रुखाबाद। विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा नवाबगंज क्षेत्र के फतनपुर गांव के ग्रामीण भुगत रहे हैं। गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर चार दिन पहले तेज धमाके के साथ फुंक गया था, लेकिन विभाग अब तक उसे बदल नहीं सका है। इससे करीब 40 परिवार पिछले चार दिनों से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
फतनपुर गांव की बिजली आपूर्ति साहबगंज विद्युत उपकेंद्र से होती है। ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद से गांव में बिजली पूरी तरह ठप है। घरों में पंखे, कूलर, फ्रिज, पानी की मोटर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर फुंकने की सूचना उसी दिन बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी। शिकायत दर्ज होने के बावजूद चार दिन बीत जाने पर भी नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया। इससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
बिजली संकट का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है। रात में लोग गर्मी के कारण ठीक से सो नहीं पा रहे हैं, वहीं पानी की मोटरें बंद होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग बिल वसूली में तो पूरी सक्रियता दिखाता है, लेकिन खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने जैसी बुनियादी सेवाओं में घोर लापरवाही बरत रहा है। गांव निवासी माधव, ऋतिक, अंकित, भास्कर, सौरभ, रोहित, रिंकू, सुमित और सुभाष सहित अन्य ग्रामीणों ने तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है।


