37.5 C
Lucknow
Wednesday, July 15, 2026

लखनऊ में नाबालिग घरेलू सहायिका की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; परिजनों ने उठाए सवाल

Must read

लखनऊ। राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र की अंबरगंज चौकी इलाके में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जिस घर में वह घरेलू काम करती थी, उसी घर में उसका शव फंदे से लटका मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की घर में काम करती थी। घटना के दौरान उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतार दिया गया। इसको लेकर मृतका के परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

 

परिजनों का कहना है कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले शव को फंदे से क्यों उतारा गया और किसके निर्देश पर ऐसा किया गया। उनका आरोप है कि इससे घटनास्थल के महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

बताया जा रहा है कि मृतका के माता-पिता अपने गांव में रहते हैं, जबकि नाबालिग लड़की शहर में रहकर संबंधित परिवार के यहां घरेलू कार्य करती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article