मल्लावां-गौसगंज मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में एक युवक तालाब में जा गिरा
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को किया मृत घोषित, दो परिवारों में पसरा मातम
यूथ इंडिया – ब्यूरो हरदोई
हरदोई। मल्लावां-गौसगंज मार्ग पर कटरा गौसगंज के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगने के बाद एक युवक सड़क किनारे तालाब में जा गिरा। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान कासिमपुर थाना क्षेत्र के बेहसार गांव निवासी संगीत और अनुराग के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मल्लावां में बोरिंग का काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटरा गौसगंज के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अनुराग उछलकर तालाब में जा गिरा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे तालाब से बाहर निकाला। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर लौटने का इंतजार कर रहे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दर्दनाक हादसे से बेहसार गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


