कमालगंज संवाददाता।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव कतरौली पट्टी में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के अंदर ही शौच के लिए जा रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। देखते ही देखते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांव निवासी शशिलता देवी रोज की तरह शाम करीब 6 बजे घर में ही शौच के लिए जा रही थीं। रास्ते में अंधेरे में छिपे बैठे सांप पर उनका ध्यान नहीं गया और सांप ने पैर में डस लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े आए।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने बिना देर किए एंबुलेंस को सूचना दी और महिला को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. विकास पटेल ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया, लेकिन विष के असर के कारण उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा था।
स्थिति को गंभीर होता देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर लोहिया अस्पताल रवाना हो गए हैं, जहां उनका इलाज जारी है।


