– बोले- भरोसे को काम से साबित करना मेरी जिम्मेदारी
– दोबारा राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दोबारा मिलने के बाद आकाश आनंद ने पार्टी प्रमुख मायावती का आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मायावती को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है और अब पार्टी व आंदोलन का हित उनके लिए सर्वोपरि रहेगा।
आकाश आनंद ने अपने पोस्ट में लिखा कि मायावती ने उन्हें क्षमा कर एक बार फिर बसपा के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने इस भरोसे के लिए मायावती का तहे दिल से आभार जताते हुए कहा कि वह इस विश्वास को कभी हल्के में नहीं लेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले समय की सबसे बड़ी सीख यह है कि बहुजन आंदोलन किसी एक व्यक्ति से कहीं बड़ा है। आकाश आनंद ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के दिखाए रास्ते का उल्लेख करते हुए कहा कि मायावती के दिशा-निर्देशन में पार्टी और आंदोलन का हित उनके लिए सर्वोपरि रहेगा।
आकाश आनंद ने यह भी कहा कि वह व्यक्तिगत हितों को पीछे रखते हुए अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मायावती ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे अपने काम के माध्यम से सही साबित करना अब उनकी जिम्मेदारी है।
बसपा प्रमुख मायावती ने 5 अक्टूबर को आकाश आनंद को दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने की घोषणा की थी। इससे पहले आकाश आनंद ने सार्वजनिक रूप से मायावती से माफी मांगते हुए पार्टी के लिए दोबारा काम करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद मायावती ने उन्हें फिर संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया।


