25 अक्टूबर को लखनऊ में सत्याग्रह
फर्रुखाबाद। गांधी जयंती के उपरांत दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ शाखा फर्रुखाबाद के तत्वावधान में कार्यवाहक महासचिव दिनेश गुप्ता के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। जनपद न्यायालय के कर्मचारियों ने एकजुट होकर यात्रा में सहभागिता की।
कार्यवाहक महासचिव दिनेश गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से निकाली गई। इसका उद्देश्य न्यायालय कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करना है। संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष ऋषि यादव ने कहा कि मांगों पर अपेक्षित निर्णय न होने पर 25 अक्टूबर को लखनऊ में शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया जाएगा।
कर्मचारियों ने FTC कर्मचारियों की वार्षिक 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि व नियमितीकरण, लिपिकीय संवर्ग का न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक करते हुए लेवल-5 वेतनमान, कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक पदोन्नति में अर्हकारी सेवा में 50 प्रतिशत शिथिलीकरण सहित विभिन्न मांगें उठाईं।
इसके अलावा बयान लेखक के पद सृजित करने, प्रशासनिक अधिकारियों को राजपत्रित पद का दर्जा देने, विलुप्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पदों को बहाल करने, अतिरिक्त कार्यभार के अनुरूप पद सृजित करने तथा अतिरिक्त कार्य के लिए भत्ता देने की मांग की गई। कर्मचारियों ने HRA के पुनरीक्षण और पेड अप्रेन्टिस पदों को कनिष्ठ सहायक पदों में समायोजित करने संबंधी नियमावली संशोधन को शीघ्र मंजूरी देने की भी मांग की।
संघ ने कहा कि 25 अक्टूबर का लखनऊ सत्याग्रह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से मांगों को शासन तक पहुंचाने का माध्यम होगा। कर्मचारियों से एकजुटता और अनुशासन के साथ सत्याग्रह में शामिल होने की अपील की गई।


