27 C
Lucknow
Friday, October 2, 2026

केजीएमयू की 1276 नर्सिंग ऑफिसर भर्ती जांच के घेरे में

Must read

 

– वर्ष 2023 में हुई भर्ती को लेकर शिकायतें
– कथित अनियमितताओं की होगी पड़ताल

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में वर्ष 2023 में हुई 1276 पदों की नर्सिंग ऑफिसर भर्ती को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद जांच तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल को भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। जांच में भर्ती विज्ञापन से लेकर चयन और नियुक्ति तक की पूरी प्रक्रिया को खंगाला जाएगा।
शिकायतकर्ताओं की ओर से आरोप लगाया गया है कि भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद परीक्षा की प्रक्रिया में बदलाव किया गया। प्रारंभिक व्यवस्था के अनुसार परीक्षा कंप्यूटर आधारित होनी थी, जबकि बाद में परीक्षा मैनुअल और ओएमआर आधारित प्रणाली से कराए जाने को लेकर सवाल उठाए गए हैं। जांच एजेंसी यह भी देखेगी कि परीक्षा प्रणाली में बदलाव निर्धारित नियमों और भर्ती की शर्तों के अनुरूप था या नहीं।
शिकायतों में यह आरोप भी लगाया गया है कि भर्ती में उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों की अपेक्षा राजस्थान के अभ्यर्थियों के चयन को लेकर सवाल खड़े हुए। जांच के दौरान चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख और प्रमाण-पत्रों का भी परीक्षण किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, ये सभी आरोप जांच का विषय हैं और इनके संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
जांच टीम केजीएमयू पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेज मांग चुकी है। इनमें भर्ती का मूल विज्ञापन, पात्रता संबंधी रिकॉर्ड, आवेदन, परीक्षा प्रक्रिया, परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, चयन सूची और नियुक्ति से संबंधित अभिलेख शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आने की बात कही गई है।
सितंबर में सामने आई जानकारी के अनुसार, जांच के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को लेकर एसटीएफ ने केजीएमयू को दोबारा पत्र भेजा था। दस्तावेज मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाने की बात कही गई थी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article