लखनऊ। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के कांग्रेस को लेकर दिए गए बयान पर उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने संजय सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस उन्हें गंभीरता से नहीं लेती और वह कांग्रेस को यह न सिखाएं कि उसे क्या करना है।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर सभी दलों को एक-दूसरे की भूमिका और राजनीतिक हैसियत का सम्मान करना चाहिए।
गौतम ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने झूठ का सहारा लेकर सत्ता हासिल की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसी दूसरे दल से राजनीतिक रणनीति सीखने की जरूरत नहीं है।
दरअसल, आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी को परेशान कर रही है। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। राजेंद्र पाल गौतम के बयान से साफ है कि इंडिया गठबंधन के भीतर उत्तर प्रदेश में सीटों और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर मतभेद अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए गठबंधन के घटक दलों के बीच बयानबाजी ने उत्तर प्रदेश की सियासत को और गरमा दिया है।


