– राजनगर रेजीडेंसी की घटना, दो दिन पहले ही जीता था सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग में स्वर्ण पदक
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्रा प्राची राजपूत की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। प्राची कक्षा नौ की छात्रा थी और हाल ही में सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी थी।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब नौ बजे प्राची बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थी। इसी दौरान वह बालकनी से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्राची हादसे में गिरी या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था। मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
प्राची पढ़ाई के साथ खेलों में भी प्रतिभाशाली थी। रिपोर्टों के अनुसार, वह महाराष्ट्र में आयोजित सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर महज दो दिन पहले ही घर लौटी थी। प्रतियोगिता में उसने डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
प्राची की अचानक मौत से परिवार और सोसायटी में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


