– डीएम को फील्ड में उतरकर राहत-बचाव की निगरानी के निर्देश
– संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आकस्मिक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और जनमानस की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डीएम स्वयं फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करें। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ ही जलभराव और बाढ़ प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखी जाए।
फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से झोपड़ियों और असुरक्षित स्थानों पर रह रहे लोगों को चिन्हित कर राहत शरणालयों में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बारिश और बाढ़ की स्थिति में कोई भी व्यक्ति असुरक्षित न रहे।
सीएम ने संबंधित अधिकारियों को नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा जलभराव और बाढ़ की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में पहले से आवश्यक राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि मौसम की स्थिति और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी आपात स्थिति में राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।


