– बारिश के बावजूद गोरखनाथ मंदिर में हुआ जनता दर्शन
– करीब 200 लोगों से मिले सीएम
– सीएम बोले- घबराइए मत, हर समस्या का होगा समाधान
– गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद के निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह बारिश के बावजूद गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कर दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बारिश को देखते हुए लोगों की सुविधा के लिए जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठे फरियादियों तक मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं जानीं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, सभी की समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनके निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
जनता दर्शन में कुछ महिलाओं समेत कई लोगों ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी दबंग व्यक्ति ने गरीब या कमजोर व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा किया है तो जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए और जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। जमीन संबंधी शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी व्यक्ति को अपनी संपत्ति के अधिकार के लिए परेशान न होना पड़े।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ऐसे फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर शासन को भेजी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज में आर्थिक समस्या बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए नियमानुसार पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि आम नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े। जनता दर्शन में आए लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


