29 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

Must read

फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के नेकपुर खुर्द गांव के पास शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे ट्रैक से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखकर घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
नेकपुर खुर्द निवासी दिलीप कुमार (30) पुत्र स्व. राम सेवक का शव शनिवार सुबह गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के भाई सूरज ने बताया कि दिलीप राजस्थान में मजदूरी करता था और करीब एक माह पहले ही घर आया था। उसकी पत्नी संगीता अपने पुत्र खुशी के साथ बिहार स्थित मायके गई हुई थी। दिलीप दो भाइयों में था। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दिलीप रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना को लेकर परिवार के लोग भी हैरान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article