– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विरोध
– पहले भी अलग-अलग थानों में दी जा चुकी हैं तहरीर
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब योगी सेना (भारत) के पदाधिकारियों ने नेहा बोरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की है। संगठन के पदाधिकारी आज दोपहर 3 बजे हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत देने की बात कह रहे हैं।
नेहा बोरा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर उनकी कथित टिप्पणी का वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई है।
मामले में गोरखपुर के कैंट और पीपीगंज थानों में तीन शिकायतें दिए जाने की जानकारी सामने आई है। शिकायतकर्ताओं ने नेहा बोरा और कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने उपलब्ध वीडियो और शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू की है।
इसके अलावा अयोध्या में भी अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने नेहा बोरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।
योगी सेना (भारत) के पदाधिकारियों के हजरतगंज कोतवाली पहुंचने के बाद पुलिस को दी जाने वाली शिकायत और उसमें लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी। फिलहाल लखनऊ में प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।


