लखनऊ। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस के लिए अत्याधुनिक हथियार और सुरक्षा उपकरण खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। डीजीपी मुख्यालय के प्रस्ताव के तहत स्नाइपर राइफल से लेकर पिस्टल, असॉल्ट राइफल और सब-मशीन गन तक की खरीद की जाएगी।
प्रस्ताव के अनुसार 3 स्नाइपर राइफल खरीदी जाएंगी। एक राइफल की कीमत करीब 10.70 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 14 टेलीस्कोपिक सर्च मिरर भी खरीदे जाएंगे, जिनका इस्तेमाल सुरक्षा जांच के दौरान किया जा सकेगा।
पुलिस के लिए 373 पिस्टल और 90 असॉल्ट राइफल खरीदने की भी मंजूरी दी गई है। सांसदों और विधायकों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी नए हथियार उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके साथ ही 800 सब-मशीन गन और करीब 2.56 लाख कारतूस खरीदे जाने की योजना है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्नाइपरों की तैनाती राममंदिर, हाईकोर्ट और लोकभवन जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर किए जाने की योजना है। मेट्रो स्टेशनों पर भी स्नाइपरों की तैनाती की जाएगी।
नई खरीद का उद्देश्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण स्थलों और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक हथियारों से मजबूत करना है।


