देहरादून। उत्तराखंड में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और जलभराव की घटनाओं के कारण 118 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे यातायात और दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है।
सबसे अधिक परेशानी यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर देखने को मिल रही है, जो लगातार 27 घंटे से बाधित है। मार्ग बंद होने के कारण चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, तवाघाट-लिपुलेख मार्ग भी भूस्खलन और मलबा आने से प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश के चलते गंगा, यमुना सहित कई प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे नदी किनारे के क्षेत्रों में प्रशासन सतर्क है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार में 150 मिमी और ऊधमसिंह नगर में 200 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखे हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


