फर्रुखाबाद। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को बाढ़ शरणालय कैंप मंडी समिति शमसाबाद में राहत स्वास्थ्य शिविर एवं आरोग्य मेला आयोजित किया गया। शिविर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह भी दी।
बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सक डॉ. दीपक कटारिया, डॉ. साफिर, डॉ. सरवर इकबाल और डॉ. गौरव यादव सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे बाढ़ प्रभावित मरीजों की जांच की और उनकी बीमारी के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से साफ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएचसी फैजाबाद, हेल्थ कैंप सलेमपुर, मोहम्मदाबाद सहित अन्य स्थानों पर भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।
बाढ़ के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रभावित हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को उपचार और दवाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि जलभराव के कारण फैलने वाली बीमारियों पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सके।
बाढ़ प्रभावितों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लगाया राहत स्वास्थ्य शिविर


