हापुड़। धौलाना थाने में रविवार को पहरे की ड्यूटी कर रहे सिपाही ने सरकारी रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें देखा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सिपाही के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है।
मृतक सिपाही आशीष वर्मा पुत्र श्रवणनाथ आगरा जिले की फतेहाबाद तहसील के निबोहरा थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के रहने वाले थे। वर्ष 2025 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए आशीष की अप्रैल 2026 से धौलाना थाने में तैनाती थी। बताया गया कि वह करीब 15 दिन की छुट्टी पर गए थे और छुट्टी पूरी होने के बाद दो दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे थे। इससे पहले उन्होंने थाने में करीब तीन दिन आराम भी किया था।
शनिवार को आशीष की ड्यूटी पिलखुवा चौराहे पर लगाई गई थी, जहां उन्हें यातायात व्यवस्था और वाहनों की सुरक्षा संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। रविवार को वह धौलाना थाने में पहरे की ड्यूटी कर रहे थे। करीब 11 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो आशीष गंभीर हालत में मिले, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दे दी है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद धौलाना थाने सहित पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया सिपाही द्वारा खुद को गोली मारने की बात सामने आ रही है, लेकिन गोली चलने की परिस्थितियों और घटना के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सिपाही के मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


