लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी जोन की पारा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘झांसी की रानी’ नाम से पुलिस, पत्रकारों और अन्य लोगों के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने वाली महिला हिमांशी यादव उर्फ मानसी यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला लूट समेत कई मामलों में वांछित थी और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार हंसखेड़ा निवासी श्रीराम यादव ने 11 सितंबर को थाना पारा में तहरीर दी थी। आरोप है कि पुरानी काशीराम कॉलोनी हंसखेड़ा में रहने वाली हिमांशी यादव और उसके पति विनोद यादव ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की। शिकायत में उनकी पत्नी की सोने की चेन और नकदी लूटने तथा इंस्टाग्राम पर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां कर सामाजिक छवि खराब करने का भी आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर थाना पारा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे हिमांशी यादव उर्फ मानसी यादव को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिला की उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला ने शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी के घर में जबरन प्रवेश करने, इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने और मौके पर विवाद करने की बात स्वीकार की है। हालांकि मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार हिमांशी यादव के खिलाफ थाना पारा में वर्ष 2020 से 2026 के बीच 14 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, लूट, रंगदारी, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 में दर्ज कई मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। मौजूदा मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक मुन्ना लाल, मनीष कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक अतृष्णा यादव, उपनिरीक्षक केशव कुमार शुक्ला समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


