फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के निकट बाढ़ प्रभावित ग्राम रामपुर ढपरपुर में रविवार को दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ब्रह्मचारी ईश्वर दास जी महाराज पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
बाढ़ के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानियों की जानकारी लेते हुए ब्रह्मचारी ईश्वर दास जी महाराज ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत की। ग्रामीणों ने उन्हें बाढ़ के चलते आवागमन, भोजन सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया। महंत ने कहा कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच भोजन के लंच पैकेट, बिस्किट, मिष्ठान एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। राहत सामग्री मिलने पर बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और महंत का आभार जताया।
ब्रह्मचारी ईश्वर दास जी महाराज ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय जरूरतमंद लोगों की मदद करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। बाढ़ से प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को देखते हुए आगे भी अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग जारी रखा जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने महंत को बाढ़ से उत्पन्न विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के साथ ही राहत और सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे ब्रह्मचारी ईश्वर दास महाराज, बांटी राहत सामग्री


