आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर जोर, आतंकी फंडिंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के साझा घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई है। ब्रिक्स देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ स्पष्ट और सख्त रुख अपनाते हुए आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया।
साझा घोषणापत्र में सभी देशों ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी सहयोग की आवश्यकता बताई। सदस्य देशों ने आतंकवाद को किसी धर्म, राष्ट्रीयता या सभ्यता से जोड़ने का विरोध किया।
घोषणापत्र में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों और आतंकी फंडिंग पर भी सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई गई। आतंकवादियों और उन्हें आर्थिक या अन्य सहायता उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
ब्रिक्स देशों का यह रुख ऐसे समय में सामने आया है जब भारत लगातार आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक मंचों पर एकजुट कार्रवाई की मांग करता रहा है। साझा घोषणापत्र में आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने का संदेश दिया गया है।


