रील बनाने की शिकायतों के बाद धार्मिक समिति ने लिया फैसला
अयोध्या। राम मंदिर में पुजारियों के लिए अब नियम और सख्त किए गए हैं। धार्मिक समिति की बैठक में फैसला लिया गया है कि पुजारी गर्भगृह में मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे। मंदिर की मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
बताया गया कि मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल और रील बनाने की शिकायतों के बाद समिति ने सख्ती का फैसला किया है। गर्भगृह जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थान पर मोबाइल के इस्तेमाल को रोकने के लिए नए निर्देश लागू किए जाएंगे।
धार्मिक समिति ने मंदिर की गरिमा, पूजा व्यवस्था और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुजारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा है। मोबाइल पर रोक के बाद गर्भगृह में अनधिकृत रिकॉर्डिंग और रील बनाने जैसी गतिविधियों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
मंदिर प्रशासन की ओर से व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए संबंधित कर्मचारियों और पुजारियों को निर्देश दिए जाएंगे। समिति के इस निर्णय के बाद अब गर्भगृह में मोबाइल इस्तेमाल को लेकर निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाएगी।


