भीम आर्मी प्रमुख के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, कजरी तीज मेले के चलते धारा 163 लागू
गोंडा। नगीना सांसद और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रविवार को गोंडा पहुंचेंगे। वह यहां विनोद साहनी के घर जाकर उनसे मुलाकात करेंगे। चंद्रशेखर आजाद के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।
बताया गया कि सांसद चंद्रशेखर आजाद करीब 12 बजे गोंडा पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
वहीं, कजरी तीज मेले के मद्देनजर गोंडा में पहले से ही यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मेले को देखते हुए जिले के कई प्रमुख रास्तों को शनिवार से ही सील किया गया है, जिससे शहर में आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से कजरी तीज मेले को लेकर जिले में धारा 163 लागू की गई है। ऐसे में चंद्रशेखर आजाद के दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।


