टोल प्लाजा के पास सड़क पर खड़े रहते वाहन, बारिश में कीचड़ और गंदगी से राहगीर परेशान
लखनऊ। इटौंजा-सीतापुर हाईवे पर टोल प्लाजा के पास लग रही अवैध सब्जी मंडी यातायात व्यवस्था के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। हाईवे किनारे बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेताओं और खरीदारों की भीड़ जुटने से अक्सर सड़क पर वाहन खड़े रहते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि इस मंडी में लखनऊ समेत करीब पांच जिलों से व्यापारी सब्जी खरीदने और बेचने पहुंचते हैं। सुबह के समय यहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटती है। बड़ी संख्या में वाहन हाईवे के किनारे और सड़क पर खड़े होने के कारण राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। हाईवे के फुटपाथ और आसपास के हिस्से में कीचड़ फैल जाता है। वहीं, मंडी में बची और सड़ी हुई सब्जियों को सड़क किनारे फेंके जाने से गंदगी का अंबार लग रहा है। इससे दुर्गंध और संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
बताया गया है कि टोल प्रबंधन की ओर से अवैध रूप से लग रही सब्जी मंडी और उससे उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने हाईवे की सुरक्षा को देखते हुए मंडी को व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित कराने, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने तथा गंदगी की नियमित सफाई कराने की मांग की है।


