सरकारी पिस्टल की बट से मारपीट का आरोप, मंदिर के पास अंडे की दुकान को लेकर हुआ था विवाद
लखनऊ। बंथरा में भाजपा बूथ अध्यक्ष की कथित पिटाई के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। दारोगा सचिन यादव को निलंबित कर दिया गया है। डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक ने मामले में कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित किया।
आरोप है कि दारोगा सचिन यादव ने भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। आरोप यह भी है कि उन्होंने अरविंद के भाई के साथ भी मारपीट की और घर में मौजूद महिलाओं से अभद्रता की।
पीड़ित पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि दारोगा ने सरकारी पिस्टल की बट से मारपीट की। घटना के दौरान दारोगा के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद मंदिर के पास अंडे की दुकान लगाए जाने को लेकर शुरू हुआ था। भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद ने मंदिर के पास अंडे की दुकान लगाए जाने का विरोध किया था। इसी विवाद के बाद मामला बढ़ा और पुलिसकर्मी पर मारपीट के गंभीर आरोप लगे।
मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद जांच की गई, जिसके बाद डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक ने दारोगा सचिन यादव को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद मामले की आगे की जांच और तथ्यों के आधार पर अन्य कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।


