28 C
Lucknow
Friday, September 11, 2026

बाढ़ से जूझते गांवों को राहत की उम्मीद, 4.70 करोड़ से बनेंगे पांच लघु सेतु

Must read

 

फर्रुखाबाद। बाढ़ के दौरान संपर्क मार्गों पर आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने जिले में 4.70 करोड़ रुपये की लागत से पांच लघु सेतु बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। शासन से परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन पुलों के निर्माण से 50 हजार से अधिक ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित स्थानों पर फिलहाल बाढ़ का पानी है। संकरी पुलिया, कच्चे संपर्क मार्ग और तेज बहाव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी के साथ हादसे का खतरा भी बना रहता है। इसी समस्या को देखते हुए नए लघु सेतु निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे, जिन्हें स्वीकृति मिल गई है। बरसात समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है और छह से 12 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

राजेपुर-कड़हर मार्ग से सिया संपर्क मार्ग पर लघु सेतु, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य के लिए 1.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सवासी नगला-दुर्ग सुंदरपुर संपर्क मार्ग पर भी लघु सेतु और संबंधित कार्यों के लिए 1.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शेखपुर-भोजपुर मार्ग पर नाला बघार में काजवे के स्थान पर लघु सेतु बनाया जाएगा, जिस पर 94 लाख रुपये खर्च होंगे।

कटरी धर्मपुर मार्ग से बिलावलपुर संपर्क मार्ग पर लघु सेतु और अन्य संबंधित कार्यों के लिए 1.03 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं चिलसरा मार्ग से कुबेरपुर घाट संपर्क मार्ग पर दो गुणे पांच मीटर की आरसीसी पुलिया बनाई जाएगी। इस कार्य पर 63 लाख रुपये खर्च होंगे।

अधिकारियों का कहना है कि इन पुलों के निर्माण से बाढ़ और बरसात के समय ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी। अभी जिन रास्तों पर पानी भरने या तेज बहाव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है, वहां स्थायी ढांचा तैयार होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरसात खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article