लखनऊ। मेरठ की चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर राजधानी लखनऊ में राजनीतिक हलचल देखने को मिली। भाजपा प्रदेश कार्यालय के मुख्य गेट पर न्याय की मांग करते हुए पोस्टर लगाए गए, जिससे कुछ देर के लिए वहां चर्चा का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह पोस्टर छात्र नेता शुभम खरवार द्वारा लगाए गए। पोस्टरों में ललिता गौतम को न्याय दिलाने की मांग की गई है। साथ ही पोस्टर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए उनके रुख का उल्लेख भी किया गया।
पोस्टर लगने की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यालय के आसपास मौजूद लोगों और पुलिस का ध्यान इस ओर गया। घटना के बाद पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई की गई। फिलहाल इस मामले में संबंधित एजेंसियां पूरे प्रकरण की जानकारी जुटा रही हैं।
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर पहले से ही विभिन्न स्तरों पर न्याय की मांग उठती रही है। अब राजधानी लखनऊ में भाजपा कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाए जाने से इस मामले ने नया राजनीतिक रंग ले लिया है। हालांकि पोस्टर में किए गए दावों और राजनीतिक टिप्पणियों पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


