तमिलनाडु
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र या अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका यह बयान नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन की अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित डबल मीनिंग टिप्पणी के विवाद के बीच आया है।
विजय ने कहा कि राज्य के विकास के लिए कानून-व्यवस्था मजबूत रहना जरूरी है। पुलिस का काम केवल आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि विकास के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना भी है। उन्होंने राजनीतिक नेताओं और अधिकारियों से पुलिस के काम में दखल नहीं देने की अपील की।
उदयनिधि से विवादित टिप्पणी को लेकर पुलिस ने 4 अगस्त को करीब आठ घंटे पूछताछ की थी। बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि विजय की पुलिस ने उनके साथ आतंकवादी जैसा व्यवहार किया। विवाद के बीच विजय ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर सरकार की सख्त नीति स्पष्ट कर दी।


