– राष्ट्रीय कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा, संगठन की उपलब्धियों पर भी हुई चर्चा
उरई,जालौन। अखिल भारतीय दृढ़ोमर वैश्य समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन कालपी रोड स्थित नवोदय सरोवर में आयोजित किया गया। अधिवेशन में देश के विभिन्न अंचलों से आए पदाधिकारी, वरिष्ठजन, मातृशक्ति और युवा सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मार्गदर्शक मंडल, संरक्षक, राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता समेत मंचासीन अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता ने बताया कि वर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी का कार्यकाल नौ जुलाई को पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि 12 मार्च 2023 को उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्वाचन हुआ था और नौ जुलाई 2023 को शपथ ग्रहण किया था। इसी क्रम में आगामी चुनाव की घोषणा के उद्देश्य से राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया है। अधिवेशन में कार्यकारिणी के कार्यकाल की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि कोविड काल से लंबित समाज के रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण वर्ष 2028 तक कराया गया। समाज की मुखपत्र पत्रिका ‘मंदाकिनी’ का प्रकाशन दोबारा शुरू कराया गया। निष्क्रिय पड़ी कई इकाइयों से संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
शिक्षा के क्षेत्र में मेधावी छात्र सम्मान कार्यक्रम को राष्ट्र स्तर से अंचल स्तर तक आयोजित कर अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जरूरतमंद छात्रों को नकद सहायता भी उपलब्ध कराई गई। नारी सशक्तिकरण के लिए प्रथम राष्ट्रीय महिला सम्मेलन और युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। चित्रकूट धर्मशाला के विकास में भी राष्ट्रीय टीम द्वारा सहयोग किए जाने की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि अधिवेशन का उद्देश्य किसी व्यक्ति का समर्थन या विरोध करना नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को आगे बढ़ाना है। उन्होंने समाज के सदस्यों से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री रमाकांत गुप्ता, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कृष्ण कन्हैया गुप्ता, राष्ट्रीय मंत्री मनोज गुप्ता कालपी, अंचल अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण गुप्ता, अंचल सचिव महेश गुप्ता गोपाल बारा, इकाई अध्यक्ष उरई अमित गुप्ता, इकाई महामंत्री राम प्रकाश गुप्ता, इकाई कोषाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य मौजूद रहे।


