नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते रिश्तों को लेकर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की बढ़ती नजदीकी से कई दूसरे देश ‘जलते’ हैं। गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंधों का भी जिक्र किया।
सर्जियो गोर ने कहा कि ट्रम्प प्रधानमंत्री मोदी को अपना दोस्त मानते हैं और दिसंबर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में जिन नेताओं से वह मुलाकात करना चाहते हैं, उनमें मोदी का नाम सबसे ऊपर है। दोनों नेताओं के बीच अलग से द्विपक्षीय मुलाकात की संभावना भी जताई गई है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अमेरिकी राजदूत ने ट्रम्प की 2027 में भारत यात्रा के भी संकेत दिए। उन्होंने कहा कि ट्रम्प वर्ष 2020 की अपनी भारत यात्रा को अब भी याद करते हैं और भारत के लोगों तथा प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने संबंधों को लेकर सकारात्मक बातें करते हैं। हालांकि, यात्रा की कोई तारीख तय नहीं बताई गई।
भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते पर गोर ने कहा कि दोनों देश डील के काफी करीब हैं। कुछ मुद्दों पर दोबारा काम चल रहा है और उम्मीद है कि आने वाले महीनों में समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच मौजूदा व्यापार करीब 240 अरब डॉलर है और आने वाले वर्षों में इसे 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। गोर के मुताबिक, व्यापार समझौते से दोनों देशों को आर्थिक लाभ होगा और अमेरिका एक मजबूत व स्थिर भारत के साथ साझेदारी बढ़ाना चाहता है।


