31 C
Lucknow
Friday, September 4, 2026

जन्माष्टमी पर महंगे हुए कान्हा के श्रृंगार और झूले

Must read

 

बाजार में खरीदारी का उत्साह

फर्रुखाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शुक्रवार को शहर के बाजार कान्हा के स्वागत के लिए पूरी तरह सज गए हैं। घरों से लेकर मंदिरों तक जन्माष्टमी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बाजारों में कान्हा की रंग-बिरंगी पोशाक, आकर्षक झूले, सिंहासन, मुकुट, बांसुरी और आभूषणों की खूब खरीदारी हो रही है। श्रद्धालु अपनी पसंद और बजट के अनुसार कान्हा के श्रृंगार का सामान खरीद रहे हैं।

हालांकि इस बार श्रद्धालुओं को कान्हा का श्रृंगार कराने के लिए पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक जेब ढीली करनी पड़ रही है। जन्माष्टमी पर कान्हा को झूला झुलाने की परंपरा के चलते बाजार में छोटे से लेकर बड़े और आकर्षक डिजाइन वाले झूलों की मांग बढ़ गई है। झूलों की कीमत 250 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक पहुंच गई है। सजावट वाले झूले श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।

कान्हा की पोशाकों के दाम में भी बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष करीब 100 रुपये में मिलने वाली पोशाक इस बार लगभग 150 रुपये में बिक रही है। मोतियों से सजी पोशाकें और गोटेदार कपड़ों से तैयार आकर्षक वस्त्र लोगों की पसंद बने हुए हैं। इसके अलावा कान्हा के लिए अलग-अलग डिजाइन के मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, कड़े और अन्य आभूषण भी बाजार में उपलब्ध हैं।

मूर्तियों के आकार के हिसाब से श्रृंगार का सामान अलग-अलग पैकिंग में मिल रहा है। कई पैकेटों में मुकुट, बांसुरी, हाथों के कड़े, मोरपंख और अन्य आभूषण एक साथ दिए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को अलग-अलग सामान खरीदने की जरूरत नहीं पड़ रही है। आभूषणों के आकर्षक सेट भी खरीदारी का केंद्र बने हुए हैं।

जन्माष्टमी के चलते बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल नजर आ रही है। श्रद्धालु कान्हा को आकर्षक पोशाक पहनाने, उनका श्रृंगार करने और झूले में विराजमान कराने के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगी पोशाकों और सजावटी सामान की कतारें त्योहार की रौनक बढ़ा रही हैं। दुकानदारों को भी जन्माष्टमी पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article