फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के पट्टी खुर्द गांव के पास बुधवार देर रात सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 50 वर्षीय व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया लेकर गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली में तैनात दरोगा अशोक तिवारी ने बताया कि व्यक्ति हाईवे किनारे गंभीर हालत में पड़ा मिला था। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टर रिशु अग्निहोत्री के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में व्यक्ति के किसी सड़क हादसे का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसा किस वाहन से हुआ और घटना कैसे हुई, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटा रही है। मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में भी सूचना भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।


