30 C
Lucknow
Wednesday, September 2, 2026

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज, पुलिस लाइन मैदान में परखी गईं व्यवस्थाएं

Must read

 

फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री के 3 सितंबर को प्रस्तावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस लाइन ग्राउंड, फतेहगढ़ में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैयारियों की बारीकी से समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग, यातायात और आने-जाने वाले मार्गों समेत अन्य व्यवस्थाओं को देखा गया। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से मुख्यमंत्री के दौरे को जोड़कर देखा जा रहा है, ऐसे में प्रशासन का जोर कार्यक्रम के साथ-साथ प्रभावित लोगों तक राहत और सरकारी सहायता की स्थिति की जानकारी पहुंचाने पर भी रहेगा।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान सांसद मुकेश राजपूत, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ समेत तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। बाढ़ की चुनौती के बीच मुख्यमंत्री का दौरा प्रशासन के लिए भी बड़ा इम्तिहान माना जा रहा है। ऐसे में तैयारियों में किसी भी स्तर पर चूक न हो, इसके लिए अधिकारी लगातार मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं को परख रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article