अराजक तत्वों ने प्रतिमा को पहुंचाया नुकसान, ग्रामीणों ने की आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के भिलइया गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि अराजक तत्वों ने अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ और इंस्पेक्टर समेत भारी पुलिस बल को गांव में तैनात किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


