सालपुर के सरकारी कॉलेज में पांच कमरों की छत गायब, छात्रों के लिए शौचालय तक नहीं मिला
अलीगढ़। सरकारी शिक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं की हकीकत जानने पहुंचे राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर उस समय दंग रह गए, जब उन्हें सालपुर स्थित सरकारी इंटर कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव मिला। ग्रामीणों की शिकायत पर कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे राज्यमंत्री को जब मुख्य गेट बंद मिला तो उन्होंने दीवार फांदकर कॉलेज परिसर में प्रवेश किया और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कॉलेज की स्थिति बेहद खराब मिली। राज्यमंत्री को कॉलेज के पांच कमरों की छत ही गायब मिली। विद्यालय परिसर में छात्रों के लिए आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव सामने आया। यहां तक कि विद्यार्थियों के लिए शौचालय की व्यवस्था तक नहीं मिली। कॉलेज की बदहाल स्थिति देखकर राज्यमंत्री ने अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे सुरेंद्र दिलेर ने कॉलेज की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पिछले दस वर्षों के दौरान कॉलेज को मिले बजट और उसके खर्च का पूरा हिसाब मांगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यह भी जानकारी लेने को कहा कि विद्यालय की मरम्मत और विकास के लिए अब तक कितनी धनराशि जारी हुई तथा उसका उपयोग किन कार्यों में किया गया।
राज्यमंत्री के औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग के अधिकारियों में भी खलबली मच गई। उन्होंने कॉलेज की व्यवस्थाओं और भवन की स्थिति से जुड़े अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
सालपुर के सरकारी इंटर कॉलेज की यह तस्वीर सरकारी स्कूलों में सुविधाओं और विकास कार्यों पर खर्च होने वाली धनराशि के उपयोग को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि राज्यमंत्री द्वारा बजट और खर्च का हिसाब मांगे जाने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।


