अखिलेश यादव के ऐलान के बाद कार्यकर्ताओं में जोश, 2027 चुनाव की तैयारियों को धार देने की कवायद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सीधे जनता से संपर्क बढ़ाने के लिए कल से विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ऐलान के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
अभियान के तहत सपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर और जनता के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे। कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और सपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में जनता को जानकारी देने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार की कथित नाकामियों और जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सपा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कार्यकर्ता स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं और सरकार से जुड़े मुद्दों को सामने रखते हुए लोगों के बीच पार्टी का पक्ष रखेंगे। पार्टी का प्रयास है कि बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत जनाधार तैयार किया जाए।
इसके अलावा एसएआर मुद्दे को लेकर भी समाजवादी पार्टी जनता को जागरूक करेगी। कार्यकर्ताओं को इस मुद्दे से जुड़े तथ्यों और पार्टी के रुख की जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए जाएंगे।
सपा नेतृत्व का फोकस अब संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सीधा संपर्क बढ़ाने पर है। कल से शुरू होने वाला बूथ स्तरीय अभियान इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत किया जाए और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी तरह सक्रिय किया जाए।


