लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतों और समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।


