लखनऊ, 16 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ता पक्ष की प्रेस वार्ता को लेकर सोशल मीडिया पर तंज कसा है। उन्होंने लखनऊ और दिल्ली के नेतृत्व की तुलना इंजन से करते हुए प्रदेश की राजनीति में नेतृत्व को लेकर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सत्ता धारियों की तरफ से बड़ी पीसी…
लगता है लखनऊ-एक्सप्रेस का इंजन फेल है। दिल्ली के इंजन ने फैसला ले लिया है। कमान किसी और को थमाने का फ़ैसला लिया है। अब लखनऊ वालों की रक्षा कौन करेगा?”
सपा अध्यक्ष की इस टिप्पणी को लखनऊ और दिल्ली के नेतृत्व के बीच संबंधों तथा उत्तर प्रदेश की सियासत में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजनीतिक कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पोस्ट में अखिलेश यादव ने किसी व्यक्ति का नाम लेकर यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका संकेत किसकी ओर है।
यह टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है, जब लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव की पोस्ट का राजनीतिक संदर्भ इसी घटनाक्रम से जुड़ा माना जा रहा है।


